सुपौल में पुलिस व शराब कारोबारियों में झड़प, थानाध्यक्ष सहित पांच पुलिस कर्मी घायल

सुपौल : सुपौल जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां शराब कारोबारियों व पुलिस के बीच झड़प हो गई है. इस झड़प में थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिस कर्मी घायल बताए जा रहे हैं. घायल पुलिस कर्मियों का रेफरल अस्पताल में इलाज कराया गया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का कहना है हमलावरों की पहचान में पुलिस जांच में जुट गई है.

दरअसल आपको बता दें कि करजाईन थाना क्षेत्र के सीतापुर गांव में छापेमारी करने गई करजाईन थाना पुलिस टीम तथा शराब कारोबारियों के बीच झड़प का मामला प्रकाश में आया है. इस झड़प में थानाध्यक्ष सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायल पुलिसकर्मियों का राघोपुर रेफरल अस्पताल में उपचार कराया गया है. आरोपित पक्ष का कहना है कि पुलिस द्वारा गाेली चलाई गई.

बताया जाता है कि सूचना के आधार पर बुधवार की देर रात में करजाईन थाना पुलिस थाना क्षेत्र के सीतापुर गांव में शराब मामले के अप्राथमिक आरोपित सरोज कुमार मेहता को पकड़ने गई. आरोपित को गिरफ्तार कर जब पुलिस जाने लगी तो शराब धंधे में संलिप्त लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया.

जिसमें करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों को देर रात में ही राघोपुर रेफरल अस्पताल लाया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया. इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपित सरोज कुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया गया है.

घटना में संलिप्त अन्य हमलावरों की पहचान कर पुलिस कार्रवाई में जुटी है. उन्होंने बताया कि गोली पुलिस के द्वारा नहीं चलाई गई है. इसकी जांच की जाएगी. वहीं आरोपित पक्ष के लोगों का कहना है कि देर रात में बिना महिला पुलिसकर्मी के तीन-चार गाड़ियों में पहुंची पुलिसकर्मी घर में घुस गए.

वारंट दिखाने की बात करने पर मारपीट करने लगे. पुलिस ने पुरुष तथा महिलाओं के साथ भी मारपीट की. कहना है कि कुछ पुलिसकर्मी शराब के नशे में भी थे. इस दौरान पुलिस द्वारा फायरिंग भी की गई. गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं.मौके से खोखा बरामद है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com