सूरजपुर में मां ने चार माह के मासूम को जमीन पर पटका, मौत से सनसनी

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने गुस्से में अपने ही चार माह के दुधमुंहे बच्चे को जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

घटना उमेश्वरपुर चौकी क्षेत्र के जयपुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बच्चे का पिता महुआ बीनने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर उसने देखा कि खाना तैयार नहीं हुआ है, जिसके बाद उसने पत्नी से खाना बनाने को कहा और खुद बाहर चला गया।

इसी दौरान उनका चार माह का बेटा रोने लगा। बच्चे के लगातार रोने से मां गुस्से में आ गई और उसने अपना आपा खोते हुए मासूम को घर के बाहर लाकर जमीन पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, महिला का स्वभाव पहले से ही काफी गुस्सैल और अस्थिर रहा है। बताया जा रहा है कि लापरवाही के चलते उसके दो बच्चों की पहले भी मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com