धमतरी: वेल्डिंग के दौरान भड़की आग, तीन श्रमिक झुलसे; बड़ा हादसा टला

कुरूद: नेशनल हाइवे से डेढ़ किमी दूर बगौद स्थित नैविक ऑयल एंड साल्वेंट मेगा फूड पार्क में गुरुवार रात लगभग 8 बजे वेल्डिंग कार्य के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. घटना में तीन श्रमिकों के हाथ एवं पैर झुलस गए. सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुरूद भेजा गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्लांट में धान के भूसे से राइस ब्रान खाद्य तेल का निर्माण किया जाता है. गुरुवार रात प्लांट परिसर में वेल्डिंग का कार्य चल रहा था, तभी अचानक निकली चिंगारी ने पास में मौजूद ज्वलनशील पदार्थ को आग पकड़वा दी. देखते ही देखते आग ने आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर काम कर रहे श्रमिकों में हड़कंप मच गया.

घटना की सूचना मिलते ही कुरूद नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया. दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग ज्यादा फैल नहीं सकी और एक बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है, वहीं प्लांट प्रबंधन से सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com