धमतरी पुलिस की ‘कबाड़ स्ट्राइक’: दानी टोला में रेड तो कोलियारी में घेराबंदी, क्विंटल के भाव लोहा जब्त कर दो को भेजा जेल!

धमतरी : अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्ती बरत रही धमतरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कबाड़ी दुकानों पर दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा-टीन बरामद किया गया.संयुक्त कार्रवाई में कुल 1430 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 45 हजार रुपये आंकी गई है.
सिटी कोतवाली की कार्रवाई: 620 किलो लोहा जब्त
मुखबिर की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने रतन कॉलोनी के दानी टोला स्थित एक कबाड़ी दुकान में छापा मारा.तलाशी के दौरान लोहे के एंगल, पाइप, जाली और राइस मिल से जुड़ा लोहा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 620 किलोग्राम पाया गया.
दुकान संचालक नविद परवेज से वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह प्रस्तुत नहीं कर सका.संदेह के आधार पर पुलिस ने सामग्री जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
अर्जुनी पुलिस की दबिश: 810 किलो सामग्री बरामद
वहीं, अर्जुनी थाना पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम कोलियारी बाजार चौक के पास एक कबाड़ी दुकान में दबिश दी। यहां से लोहे और टीन के छड़, रॉड, एंगल और पाइप बड़ी मात्रा में बरामद किए गए.
दुकान संचालक दर्शन सिंह ध्रुव भी किसी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.बरामद सामग्री का वजन 810 किलोग्राम पाया गया, जिसे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
दोनों आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई

पुलिस ने दोनों मामलों में बीएनएसएस की धारा 106 सहित प्रतिबंधात्मक धाराओं 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों में दर्शन सिंह ध्रुव और नविद परवेज शामिल हैं.
जांच जारी, वैध स्वामित्व की पड़ताल
धमतरी पुलिस के अनुसार जब्त की गई सामग्री के वैध स्वामित्व की जांच की जा रही है.प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि यह लोहा-टीन चोरी या अवैध स्रोत से लाया गया हो सकता है.पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा.











