ट्रंप का पुराना बयान फिर चर्चा में, ईरान के तेल ठिकानों पर कब्जे की रणनीति पर उठे सवाल

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का करीब 39 साल पुराना एक इंटरव्यू इन दिनों फिर चर्चा में है। इस वीडियो में उन्होंने ईरान के खिलाफ सख्त रुख अपनाने और उसके तेल ठिकानों पर कब्जा करने की बात कही थी, जो मौजूदा हालात में फिर से प्रासंगिक मानी जा रही है।
यह इंटरव्यू साल 1987 में लिया गया था, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि यदि ईरान अमेरिका पर हमला करता है, तो अमेरिका को उसके प्रमुख तेल ठिकानों पर कब्जा कर लेना चाहिए, ताकि हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। उन्होंने उस समय यह भी कहा था कि उन्हें सोवियत संघ से ज्यादा खतरा ईरान से लगता है।
ट्रंप ने उस दौर में मध्य पूर्व में बड़े युद्ध की संभावना भी जताई थी। वर्तमान में क्षेत्र में बढ़ते तनाव, हमलों और तेल कीमतों में उछाल के बीच उनका यह बयान एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।
उस समय ट्रंप ने अमेरिकी विदेश नीति की भी आलोचना की थी। उन्होंने बड़े अखबारों में विज्ञापन देकर कहा था कि अमेरिका को अपनी ताकत का इस्तेमाल अपने हितों के लिए करना चाहिए और अन्य देशों से इसकी कीमत भी वसूलनी चाहिए।
एक अन्य इंटरव्यू में उन्होंने ईरान के खार्ग द्वीप जैसे रणनीतिक ठिकानों पर कब्जा करने का सुझाव भी दिया था। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप की उस समय की सोच आज भी उनकी नीतियों में झलकती है, खासकर जब पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।











