ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में लिफ्ट फिर बनी जानलेवा खतरा, 20 मिनट तक फंसी महिला की हालत बिगड़ी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में लिफ्ट खराब होने का गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही। बंद लिफ्ट के अंदर गर्मी और घुटन के कारण महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, महिला रोज की तरह लिफ्ट का इस्तेमाल कर रही थी, तभी अचानक लिफ्ट बीच में रुक गई और वह अंदर ही फंस गई। काफी देर तक मदद नहीं मिलने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। बाद में किसी तरह रेस्क्यू कर महिला को बाहर निकाला गया।

सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार लिफ्ट खराब होने के मामले सामने आ चुके हैं। रामनवमी के दिन भी 10 बच्चों समेत 12 लोग करीब 45 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे थे।

लगातार हो रही इन घटनाओं से सोसाइटी के लोगों में भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि मेंटेनेंस में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है और बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

निवासियों का कहना है कि वे हर महीने मेंटेनेंस के नाम पर भारी शुल्क दे रहे हैं, इसके बावजूद बुनियादी सुविधाएं भी सही तरीके से नहीं मिल रही हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि अगर समय रहते सुधार नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

close
Virus-free.www.avast.com