डीडवाना में दर्दनाक हादसा: कोलिया के पास पलटी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, पति-पत्नी की मौत; बेटा गंभीर घायल

डीडवाना-कुचामन: जिले के कोलिया गांव के पास भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, डीडवाना-नागौर रोड पर कोलिया गांव के पास महादेव होटल के नजदीक एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी में सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार उनका 15 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान खुनखुना गांव निवासी अजीज खान देशवाली और उनकी पत्नी नाजरीन के रूप में हुई है। वहीं हादसे में उनका पुत्र साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए तुरंत राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं सूचना पर डीडवाना थाना पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से स्कॉर्पियो अनियंत्रित हुई।











