सैफई में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, एक किसान की मौत, दूसरा गंभीर

इटावा:- जनपद के सैफई थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला बरी के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.आलू से भरा ट्रैक्टर लेकर मंडी जा रहे किसानों पर तेज रफ्तार ट्रक काल बनकर टूट पड़ा.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई.
इस हादसे में 42 वर्षीय किसान जोगिंदर सिंह ठाकुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चला रहे शैलेन्द्र शाक्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को ट्रैक्टर के मलबे से बाहर निकाला और तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने जोगिंदर सिंह ठाकुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल शैलेन्द्र शाक्य का इलाज जारी है.उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की वजह ट्रक चालक को आई झपकी बताई जा रही है.बताया जा रहा है कि चालक को नींद आने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे ट्रैक्टर में जा घुसा.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.मृतक और घायल दोनों किसान लछबाई गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.









