ड्रग सिंडिकेट के ठिकानों पर रायपुर पुलिस की रेड, दो गिरफ्तार, पूछताछ जारी

रायपुर में सोमवार देर रात ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीपी रैंक के अधिकारियों ने टीम बनाकर गुमा गांव स्थित लॉजिस्टिक गोदाम और कबीर नगर इलाके के एक मकान में छापा मारा, जहां से दो संदेहियों को गिरफ्तार किया गया है।

बताया जा रहा है कि इन संदेहियों के तार रायपुर में सक्रिय रहे “प्रोफेसर गैंग” के सदस्यों से जुड़े हो सकते हैं। इन संदेहियों से अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। कमिश्नरेट के अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा जल्द किया जाएगा।

आधी रात को घेराबंदी, भागने का मौका नहीं मिला

दरअसल, पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक वेयरहाउस का इस्तेमाल ड्रग्स की सप्लाई चेन के लिए किया जा रहा है। बीती रात अधिकारियों ने योजना के तहत छापा मारा और बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामान जब्त किया।

बाहरी राज्यों से जुड़े हैं तार

शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह सिंडिकेट न केवल स्थानीय स्तर पर सक्रिय था, बल्कि इसके तार पड़ोसी राज्यों से भी जुड़े हुए हैं। पकड़े गए दो संदिग्धों में से एक को मुख्य सप्लायर का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पहले भी ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

रविवार को पुलिस ने 4 तस्करों को पकड़ा था

तेलीबांधा पुलिस ने रविवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी दिल्ली में बैठे तस्करों के निर्देश पर रायपुर में सामान की सप्लाई करते थे। पुलिस की नजरों से बचने के लिए आरोपी लोकेशन मैप के जरिए चैटिंग करते थे और सप्लाई करने के बाद तुरंत गायब हो जाते थे। बताया जा रहा है कि इन्हीं आरोपियों की निशानदेही पर कबीर नगर इलाके के मकान और गोदाम में दबिश दी गई।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com