तेंदुए का आतंक: घर में घुसकर बच्चे पर हमला, बाल-बाल बची जान

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में आदमखोर होते वन्यजीवों का आतंक अब रिहाइशी इलाकों तक पहुंच गया है. कांठ थाने के अंतर्गत आने वाले ग्राम महदूद कलमी में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ने सभी को हैरान कर दिया. यहां एक खूंखार तेंदुआ दीवार फांदकर किसान अकरम के घर में घुस गया. आंगन में खेल रही दो वर्षीय मासूम सिदरा पर घात लगाकर बैठे तेंदुए ने बिजली की तेजी से हमला कर दिया और उसे अपने जबड़े में दबाकर ले जाने की कोशिश की.

परिजनों के मुताबिक, तेंदुआ घर के बंद दरवाजे के नीचे से भागने की कोशिश करने लगा. वहीं बच्ची को तेंदुए के जबड़े में देख घर में कोहराम मच गया था. गनीमत रही कि परिजनों की तत्परता और शोर-शराबे के कारण तेंदुआ सहम गया और मासूम को लहूलुहान हालत में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया. इस जानलेवा हमले में सिदरा के शरीर पर गहरे जख्म आए हैं, जिसे आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

गांव में पसरा सन्नटा
घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है. आक्रोशित ग्रामीणों ने हाथों में लाठी-डंडे लेकर रात भर तेंदुए की तलाश की, लेकिन अंधेरे का लाभ उठाकर वो जंगल की तरफ भाग गया. स्थानीय पुलिस की सूचना पर वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है और इलाके में पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है.

डर-दहशत में लोग
ग्रामीणों ने कहा कि अकरम के घर तेंदुए के हमले के बाद से सभी लोग दहशत में हैं. लोगों ने वन विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की है. ग्रामीणों ने कहा कि लोग अपने घरों से निकलने में डर रहे हैं. लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर और झुंड में एक साथ निकलते हैं. तेंदुए के हमले के बाद वन विभाग की टीम ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com