औरंगाबाद में दर्दनाक घटना, आग से झुलसकर बुजुर्ग महिला की मौत

औरंगाबाद: आग से झुलसाकर एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. घटना नवीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव की है. मृतका की पहचान उस गांव निवासी सरयू पाल की 64 वर्षीय पत्नी कबूतरी देवी के रूप में की गई है. परिजनों के अनुसार, घर में रसोई गैस उपलब्ध नहीं होने के कारण पिछले कुछ दिनों से चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा था.
घटना के समय कबूतरी देवी चूल्हे के पास बैठी हुई थीं और अपने पोते के छोटे बच्चे को खेला रही थीं. इसी दौरान चूल्हे से निकली एक चिंगारी उनकी साड़ी पर जा गिरी, जिससे कपड़ों में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वह बुरी तरह झुलस गईं. हालांकि, पास में मौजूद मासूम बच्चा इस हादसे में बाल-बाल बच गया.
घर में मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल इलाज के लिए नवीनगर रेफरल अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने उनकी हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
लेकिन सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतका की बेटी संगीता देवी ने बताया कि रसोई गैस नहीं मिलने की वजह से परिवार चूल्हे का उपयोग कर रहा था. इसी दौरान यह हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. उन्होंने बताया कि उनकी मां घर के कामकाज में सक्रिय रहती थीं और परिवार के सभी सदस्यों का ख्याल रखती थीं.
कबूतरी देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. उनके एक बेटा और पांच बेटियां हैं.बेटा विनोद पाल भेड़ पालन का काम करता है, जबकि सभी बेटियों की शादी हो चुकी है. घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मौत के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com