नए सत्र की शुरुआत के साथ ‘स्कूल चलें हम’ अभियान शुरू, लाखों बच्चों के नामांकन पर फोकस

मध्य प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के साथ की जा रही है। यह अभियान 1 अप्रैल से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चलेगा, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को स्कूल से जोड़ना और नामांकन बढ़ाना है।

अभियान की शुरुआत राज्य स्तर पर भोपाल स्थित मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम से होगी, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल होंगे। इसके साथ ही जिला और स्थानीय स्तर पर भी प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें वितरित की जाएंगी, ताकि सत्र की शुरुआत से ही पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके। साथ ही अभिभावकों को विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

इस अभियान में उन बच्चों की पहचान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो किसी कारणवश पढ़ाई से दूर हो गए हैं। प्रदेश के लगभग 92 हजार सरकारी स्कूलों में करीब 85 लाख विद्यार्थियों को इस पहल से लाभ मिलने की उम्मीद है।

अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित होंगी। दूसरे दिन ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के सफल लोग विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें प्रेरित करेंगे। तीसरे दिन स्कूलों में सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, साथ ही बेहतर उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा।

अंतिम दिन असफल विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ‘हार के आगे जीत’ पहल के तहत ऐसे छात्रों को चिन्हित कर उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही शाला प्रबंधन समितियों की बैठक कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

close
Virus-free.www.avast.com