सोना-चांदी में जोरदार उछाल, चांदी ₹9000 चढ़ी, गोल्ड भी ₹3500 महंगा

देश के सर्राफा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच चांदी की कीमत में 9,000 रुपये की बड़ी छलांग लगी, जबकि सोना भी 3,500 रुपये महंगा हो गया।
राजधानी दिल्ली में चांदी का भाव बढ़कर 2,46,000 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया, जो पहले 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम था। वहीं 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जो पिछले कारोबारी सत्र में 1,51,500 रुपये थी।
कीमती धातुओं में यह तेजी वैश्विक बाजार के रुझानों और डॉलर इंडेक्स में गिरावट के कारण आई है। साथ ही पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेतों ने भी बाजार को सहारा दिया है, जिससे निवेशकों का रुझान सोना-चांदी की ओर बढ़ा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, क्षेत्रीय तनाव में कमी से ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने का खतरा कम हुआ है, जिससे महंगाई को लेकर चिंता थोड़ी घटी है। इससे केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना भी कम हो सकती है, जो सोने की कीमतों को समर्थन देती है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमत में करीब 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 4,700 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया। हालांकि चांदी में हल्की गिरावट देखने को मिली।
पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में सोने और चांदी ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है। इस दौरान सोने की कीमत में करीब 61 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि चांदी ने 130 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दिया।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में कीमती धातुओं की कीमतें वैश्विक घटनाक्रम, अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और पश्चिम एशिया की स्थिति पर निर्भर रहेंगी, जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।









