राजनांदगांव में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली शोभायात्रा :नगर में पुष्पवर्षा से झांकी किया गया स्वागत, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

राजनांदगांव में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। म्युनिसिपल स्कूल से शुरू हुई यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ म्युनिसिपल स्कूल के प्रांगण से हुआ और यह शहर के कई चौक-चौराहों से होते हुए महावीर चौक पर समाप्त हुई। इस आयोजन में पूर्व महापौर मधुसूदन यादव, झमन देवांगन, राजू वैष्णव, राजेंद्र यादव, पंकज गुप्ता शामिल हुए।

यात्रा के दौरान ‘जय हनुमान’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे गूंजते रहे, जब शोभायात्रा मन मंदिर चौक पहुंची, तो हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर हनुमान जी की झांकी का स्वागत किया।

बड़ी संख्या में महिलाएं हुईं शामिल

इस साल की शोभायात्रा में महिलाओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही। बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में शामिल हुईं। महिला इकाई ने भक्ति गीत गाकर अपनी आस्था व्यक्त की। महिला कार्यकर्ताओं ने स्वागत और व्यवस्था बनाए रखने में भी सहयोग किया।

प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी

आयोजन के दौरान हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था बनाए रखी। नगर में कई स्थानों पर प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई थी।

आयोजक समिति के अनुसार, ऐसे आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं हैं, बल्कि ये समाज में धार्मिक चेतना और एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। हनुमान जी के आदर्शों को जीवन में अपनाना ही इस जन्मोत्सव की वास्तविक सार्थकता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com