औरंगाबाद : एम्बुलेंस कर्मियों की ‘जासूसी’ ने ढूँढा परिवार! तड़पते मजदूर की अस्पताल में मौत

औरंगाबाद: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक मजदूर व्यक्ति की मौत हो गई. घटना नगर थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर रतनुवा पेट्रोल पंप की है. मृतक की पहचान जम्होर थाना क्षेत्र के देवहरा गांव निवासी रामजी महतो के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रामजी महतो को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया.

उस समय पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन एंबुलेंस कर्मियों ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके घर का पता लगाया और जम्होर थाना को सूचना दी. सूचना पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने बताया कि रामजी महतो रोज की तरह मजदूरी करने के लिए औरंगाबाद आए थे.

काम खत्म कर जब वह वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रतनुवा पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की.इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया.

परिजनों ने बताया कि मृतक का इकलौता बेटा मनीष कुमार है, जो किसी अन्य प्रदेश के निजी कंपनी में मजदूरी करता है, जबकि उसके पिता गांव में रहकर काम करते थे. दोनों की कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता था, लेकिन रामजी महतो के दुर्घटना में मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

परिजनों ने सरकार से दुर्घटना राहत कोष के तहत मुआवजे की मांग की है. थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है. पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

close
Virus-free.www.avast.com