OTT नहीं, YouTube पर आई अजय देवगन की ये फिल्म

अजय देवगन हिंदी सिनेमा का एक बड़ा नाम हैं. वो एक ऐसे एक्टर हैं, जिनकी फिल्मों का फैंस को इंतजार रहता है. जब भी उनकी कोई नई फिल्म रिलीज होती है, तो उनके फैंस उस पिक्चर के लिए थिएटर्स का रुख जरूर करते हैं. हालांकि, अब उनकी एक ऐसी फिल्म आई है, जिसे देखने के लिए आपको थिएटर तक नहीं जाना होगा. दरअसल, उन्होंने एक शॉर्ट फिल्म का निर्माण किया है, जो उन्होंने यूट्यूब पर रिलीज की है. पिक्चर का नाम है ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’, जो एक शॉर्ट फिल्म है.
यूट्यूब पर पहले से भी कई शॉर्ट फिल्में मौजूद हैं. हालांकि, ये बाकी शॉर्ट फिल्मों से अलग है. ऐसा इसलिए, क्योंकि इस फिल्म को बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल किया गया है. पिछले कुछ समय में AI का चलन काफी तेजी से बढ़ा है. हर फील्ड में इसका इस्तेमाल हो रहा है. ऐसे में अजय देवगन ने भी अपने भतीजे दानिश देवगन के साथ मिलकर ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ के नाम से फिल्म बनाई है.
यहां देखें अजय देवगन की शॉर्ट फिल्म
अजय देवगन इस फिल्म के एक्टर नहीं हैं, बल्कि वो दानिश के साथ बतौर प्रोड्यूसर इस फिल्म से जुड़े हुए हैं. दानिश, अजय के दिवंगत कजन ब्रदर अनिल देवगन के बेटे हैं. ये कोई पहली बार नहीं है जब दानिश ने अजय के साथ काम किया है, बल्कि वो पहले भी ‘रनवे 34’ समेत अजय की और भी कुछ पिक्चर्स में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर चुके हैं.
‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ का रनटाइम
‘टार्जन: द वंडर कार’ फेम एक्टर वत्सल सेठ भी क्रिएटिव डायरेक्टर के तौर पर ‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ से जुड़े हुए हैं. सात ही इस शॉर्ट फिल्म की कहानी भी वत्सल ने ही लिखी है. इस पिक्चर का रनटाइम 15 मिनट 18 सेकेंड है. आप इसे लेंस वॉल्ट स्टूडियोज (Lens Vault Studios) के यूट्यूब चैनल पर देख सकते हैं.
कंप्यूटर वायरस की कहानी पर फिल्म
‘हैप्पी बर्थडे जोशी’ एक डिजिटल-थ्रिलर फिल्म है, जिसकी कहानी ‘जोशी’ नाम के एक कंप्यूटर वायरस से प्रेरित है, जिसे भारत का पहला कंप्यूटर वायरस माना जाता है. अजय ने पिछले साल सितंबर में दानिश के साथ मिलकर LVS स्टूडियोज की शुरुआत की थी. और ये इस कंपनी के बैनर तले बनी पहली पिक्चर है.









