धमतरी: भारतमाला मार्ग पर भीषण हादसा, खड़ी मेटाडोर से टकराई इको कार; एक युवक की मौत, 6 घायल

धमतरी: भारतमाला मार्ग पर चिंवरी-सांकरा के पास शनिवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार इको कार सड़क किनारे खड़ी एक मेटाडोर से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार धमतरी के जिला अस्पताल और निजी अस्पताल में जारी है।
सेमलगांव से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पालगांव (थाना दुगली) निवासी ग्रामीण इको कार (क्रमांक CG04 QC 1236) में सवार होकर सेमलगांव से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 1 बजे चिंवरी-सांकरा के समीप सड़क किनारे खड़ी मेटाडोर कार चालक को नजर नहीं आई और कार सीधे उसमें जा घुसी। हादसे में फ़लेंद्र मण्डावी (25 वर्ष), निवासी पालगांव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मदद को बढ़े हाथ, समाजसेवियों ने पहुँचाया अस्पताल
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही समाजसेवी सन्नी छाजेड़ और ओमी जैन अपने निजी वाहनों के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को धमतरी पहुँचाया। घायलों में से तीन को श्रीराम अस्पताल और तीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नगरी भेजा गया है।
प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि भारतमाला जैसी व्यस्त सड़कों पर आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त किया जाए। साथ ही, सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े होने वाले भारी वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, जो रात के अंधेरे में काल साबित हो रहे हैं।









