औरंगाबाद: सड़क दुर्घटना में घायल बुजुर्ग की मौत, इलाज के लिए ले जा रहे थे वाराणसी 

औरंगाबाद: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से जख्मी बुजुर्ग की सदर अस्पताल इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान भभुआ जिले के बहपुरा निवासी 64 वर्षीय उमाशंकर के रूप में की गई है. उमाशंकर गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में किराए के मकान में रहते थे और एक मिल्क फैक्ट्री में काम करते थे. प्रतिदिन की तरह शनिवार कि सुबह घर से फैक्ट्री जाने के लिए पैदल निकले थे. इस दौरान एनएच-19 पर सूर्यमणि होटल के पास एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जोरदार थे कि मौके पर ही गिर पड़े. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई. मृतक के भतीजे विमलेश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचा. स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज लेकर गए। वहां इलाज में लापरवाही बरती गई जिसके कारण उनकी स्थिति सुधरने के बजाय बिगड़ती चली गई. बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे.

इसी दौरान औरंगाबाद के पास उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी. स्थिति गंभीर होते देख परिजन तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि उमाशंकर अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनके निधन से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके दो छोटे पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जिनमें से केवल एक बेटी की शादी हुई है. दो बेटियों की शादी अभी नहीं हुई है.

परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी. अब उनके असामयिक निधन से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है. सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची. थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com