मैहर: अमरपाटन औद्योगिक क्षेत्र में युवक की नृशंस हत्या, गला रेतकर और पत्थर से कुचलकर उतारा मौत के घाट

मैहर: जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत पड़का औद्योगिक क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात से लापता युवक का शव आज सुबह औद्योगिक क्षेत्र के सुनसान इलाके में क्षत-विक्षत हालत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

क्या है पूरा मामला?

मृतक युवक की पहचान राजभान के रूप में हुई है, जो कल देर शाम से ही लापता था। परिजनों के अनुसार, राजभान कल रात अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह औद्योगिक क्षेत्र में तलाश के दौरान परिजनों को उसका शव मृत अवस्था में पड़ा मिला।

पहचान छिपाने के लिए की बर्बरता

हत्यारों ने वारदात को बेहद क्रूरतापूर्ण तरीके से अंजाम दिया। मृतक की गला रेतकर हत्या की गई है। इतना ही नहीं, हत्यारों ने राजभान की पहचान छिपाने की नीयत से उसके चेहरे को पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया, जिससे चेहरा पहचानना मुश्किल हो गया था।

पुलिस जांच और कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 और अमरपाटन पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते और एसडीओपी ख्याति मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस बारीकी से घटनास्थल की जांच कर रही है ताकि हत्यारों तक पहुंचने के लिए कोई सुराग मिल सके।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की ठोस वजह और दोषियों का पता लगाया जा सके। इस नृशंस हत्या के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com