बस्तर के हर गांव को 1 करोड़ देने की मांग, कांग्रेस ने सरकार को याद दिलाया वादा

बस्तर के विकास को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार से कई मांगें उठाई हैं। पार्टी ने कहा है कि सरकार अपने वादे के अनुसार बस्तर के नक्सल मुक्त गांवों को तत्काल 1 करोड़ रुपए की राशि प्रदान करे।

कांग्रेस का कहना है कि सरकार ने पहले घोषणा की थी कि जो गांव नक्सल मुक्त होंगे, उन्हें 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। अब जब प्रदेश को नक्सल मुक्त बताया जा रहा है, तो इस वादे को लागू किया जाना चाहिए।

पार्टी ने बस्तर के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की भी मांग की है, ताकि क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही युवाओं के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने, वनोपज आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की जरूरत बताई गई है।

कांग्रेस ने एनएमडीसी का मुख्यालय बस्तर में स्थापित करने की मांग भी उठाई है। पार्टी का कहना है कि बस्तर से निकलने वाले खनिजों से कंपनी को लाभ मिलता है, इसलिए इसका मुख्यालय भी यहीं होना चाहिए, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।

इसके अलावा खनिज संपदा के निजीकरण को लेकर भी चिंता जताई गई है। पार्टी ने सरकार से स्पष्ट आश्वासन देने की मांग की है कि बस्तर के संसाधनों का निजीकरण नहीं किया जाएगा और स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा की जाएगी।

रेल कनेक्टिविटी को लेकर भी सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिल सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com