बलरामपुर में CMO का कथित ऑडियो वायरल, पार्षदों को लेकर विवादित टिप्पणी का आरोप

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर नगर पालिका परिषद के सीएमओ प्रणव राय का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। आरोप है कि उन्होंने पार्षदों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और अपने ट्रांसफर को लेकर भी चुनौती दी।
मामला तब सामने आया जब वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद गौतम सिंह ने सीएमओ पर कार्य में अनियमितता और खराब व्यवहार के आरोप लगाए। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने मंत्री से शिकायत भी की थी। आरोप है कि इन घटनाओं के बाद सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की।
हालांकि, सीएमओ प्रणव राय ने वायरल ऑडियो को फर्जी बताते हुए कहा है कि यह उनकी आवाज नहीं है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए तैयार किया गया है।
वायरल ऑडियो की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इस मामले को लेकर नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों ने जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया है कि सीएमओ की कार्यप्रणाली पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं और उनके खिलाफ मंत्री से शिकायत कर ट्रांसफर की मांग की गई थी।
वहीं, एक अन्य आरोप में नगर पालिका की संपत्ति के गलत उपयोग का मुद्दा भी सामने आया है। दावा किया गया है कि बिना निर्धारित प्रक्रिया के एक टैंकर को बेच दिया गया। इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
मामले को लेकर पार्षदों में नाराजगी बनी हुई है और निष्पक्ष जांच की मांग लगातार उठ रही है।









