कन्हैयालाल केस पर सियासत गरम! भाजपा नेता का कांग्रेस पर तीखा हमला

डीडवाना  : दौरे पर पहुंचे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने उदयपुर के बहुचर्चित कन्हैयालाल टेलर हत्याकांड मामले में आरोपियों को सजा मिलने में हो रही देरी को लेकर उठ रहे विपक्षी सवालों पर तीखा जवाब दिया.पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेताओं द्वारा आरोपियों के भाजपा से जुड़े होने के दावों पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाना आजकल एक “रिवाज” बन गया है.

दाधीच ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में कानूनी प्रक्रिया अपने तय ढंग से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इसके नतीजे देश के सामने होंगे.

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत में कानून का शासन है और किसी भी मामले में न्यायिक प्रक्रिया को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है.उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह जनता को भ्रमित करने के लिए इस तरह के बयान दे रहा है.

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दाधीच ने कहा कि पार्टी अपनी आंतरिक कलह को छिपाने के लिए ऐसे मुद्दों को उछाल रही है.उन्होंने तंज कसते हुए कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को “जलेबी दौड़” करार दिया.उनके अनुसार पार्टी के भीतर शीर्ष नेताओं के बीच नेतृत्व को लेकर खींचतान चल रही है, जिससे ध्यान हटाने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं.

दाधीच ने कहा कि कांग्रेस के दिग्गज नेता—अशोक गहलोत, सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली—सत्ता की दौड़ में एक-दूसरे को पीछे छोड़ने की कोशिश में लगे हुए हैं.उन्होंने कहा कि इन नेताओं को भ्रम है कि परंपरा के अनुसार सत्ता फिर उनके पास लौट आएगी, लेकिन हकीकत इससे अलग है.

उन्होंने दोहराया कि कन्हैयालाल हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवार को न्याय जरूर मिलेगा.दाधीच ने कहा कि ऐसे गंभीर मामलों में राजनीति नहीं, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा करना जरूरी है वो अपना काम कर रही है जल्दी ही परिणाम भी हमारे सामने होंगे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com