IPL 2026: विराट कोहली फिफ्टी जड़कर भी RCB का करा बैठे नुकसान, ये 2 जिद पड़ी भारी


Virat Kohli vs Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के 20वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. 20 ओवर में सिर्फ 4 विकेट गंवाकर टीम ने 240 रन बोर्ड पर लगा दिए. इस दौरान मुंबई के गेंदबाजों विकेट के लिए तरसते हुए नजर आए. आरसीबी की ओर से विराट कोहली ने 38 गेंदों पर 50 रनों की अहम पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. हालांकि, इस मुकाबले में विराट अपनी पुरानी लय में नजर नहीं आए. बड़े शॉट्स खेलने में वह काफी जूझते दिखे और पारी के दौरान दो बड़ी गलतियां भी कीं.
विराट कोहली ने कराया टीम का बड़ा नुकसान
विराट कोहली की पारी में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उन्होंने टीम के दोनों DRS रिव्यू खराब कर दिए. दोनों बार उन्होंने वाइट बॉल का एक रन हासिल करने के लिए रिव्यू लिया, लेकिन दोनों ही फैसले गलत साबित हुए. जिसके चलते सिर्फ 15 ओवर के अंदर ही आरसीबी दोनों रिव्यू गंवा बैठी.
पहला मामला 9वें ओवर में देखने को मिला, जब मिचेल सैंटनर के खिलाफ विराट ने बाहर की गेंद को छोड़कर वाइड का दावा किया. तीसरे अंपायर ने इसे वाइड नहीं माना और रिव्यू बर्बाद हो गया. फिर दूसरा रिव्यू 15वें ओवर में लिया गया. हार्दिक पंड्या की एक शॉर्ट गेंद लेग साइड पर जा रही थी. विराट पुल शॉट खेलने में असफल रहे. अंपायर ने इसे लीगल बॉल माना. लेकिन विराट ने अंपायर के फैसले के खिलाफ रिव्यू लिया, लेकिन यह भी गलत साबित हुआ. इस तरह सिर्फ 15 ओवर के अंदर ही RCB दोनों रिव्यू गंवा बैठी.
टीम को उठाना पड़ा खामियाजा
आखिरी ओवरों में टीम को विराट की इस गलती का खामियाजा भी उठाना पड़ा. 19वें ओवर की 5वीं गेंद पर अंपायर ने वाइड नहीं दिया, जबकि गेंद वाइड थी. लेकिन टिम डेविड रिव्यू नहीं ले सके क्योंकि दोनों रिव्यू पहले ही खत्म हो चुके थे. विराट की यह गलती टीम के लिए और भी महंगी साबित हो सकती थी, खासकर आखिरी ओवरों में जब रिव्यू काफी अहम रोल अदा करता है. हालांकि, इस मैच में आरसीबी को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ.











