IPL 2026: लगातार 5 मैच से जसप्रीत बुमराह खाली हाथ, नहीं मिला एक भी विकेट, लुटा दिए इतने रन


क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में अगर कोई सबसे खतरनाक गेंदबाज हैं तो वो भारतीय पेसर जसप्रीत बुमराह हैं. लगातार बल्लेबाजों को परेशान करना और विकेट झटकना बुमराह की आदत में शुमार है. उनके खिलाफ रन बनाने के लिए बल्लेबाजों को पापड़ बेलने पड़ जाते हैं. ऐसे में अगर कोई ये कहे कि बुमराह लगातार 5 मैच में विकेट नहीं ले सके हैं तो हैरान होना स्वाभाविक है. मगर ये सच है. मुंबई इंडियंस के दिग्गज तेज गेंदबाज बुमराह लगातार 5 मैच में खाली हाथ ही लौटे हैं.
मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच रविवार 12 अप्रैल को आईपीएल 2026 का 20वां मैच खेला गया. इस मुकाबले में बेंगलुरु ने पहले बैटिंग की और 240 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने इस मैच में मुंबई के लगभग हर गेंदबाज की धुनाई की और इसमें बुमराह भी शामिल रहे. हालांकि बुमराह फिर भी टीम के सबसे किफायती गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 ओवर में 35 रन दिए.
सबसे ज्यादा चौंकाने वाला पहलू ये है कि बुमराह को इस मैच में कोई विकेट नहीं मिला. बुमराह एक बार फिर खाली हाथ ही लौटे. मगर इस सीजन में ये कोई पहला मौका नहीं था, जब उन्हें कोई भी विकेट नहीं मिला. मुंबई के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक जसप्रीत बुमराह को आईपीएल 2026 के चारों मैच में नाकामी ही हाथ लगी है और एक भी विकेट अभी तक उनकी झोली में नहीं आया है.
सिर्फ ये चार ही नहीं, बल्कि आईपीएल 2025 सीजन से अब तक लगातार 5 मैच में वो बिना विकेट के ही लौटे. पिछले साल पंजाब किंग्स के खिलाफ दूसरे क्वालिफायर में उन्होंने 4 ओवर में 40 रन दिए थे लेकिन कोई विकेट नहीं लिया. वहीं इस सीजन में कोलकाता, दिल्ली, राजस्थान और बेंगलुरु के खिलाफ बुमराह विकेट लेने में नाकाम रहे. इस तरह लगातार 5 मैच में उन्होंने कुल 19 ओवर की गेंदबाजी की और 163 रन लुटा दिए. यानि उन्होंने 8.5 के इकॉनमी से रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया.
बुमराह का ये प्रदर्शन मुंबई इंडियंस को और खुद उन्हें भी परेशान कर रहा होगा. न सिर्फ बुमराह विकेट लेने में नाकाम रहे हैं, बल्कि उन पर इस सीजन में रन बनाने में भी बल्लेबाजों को ज्यादा मुश्किल नहीं हुई है. सिर्फ 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ही नहीं, बल्कि अन्य बल्लेबाजों ने भी बुमराह के खिलाफ इस सीजन में खुलकर रन बटोरे हैं, जो बढ़े हुए इकॉनमी रेट के रूप में साफ नजर आ रहा है.











