IPL 2026: पहले की आजादी की बात, फिर 6 साल बाद 0 पर आउट, रहाणे के साथ बड़ा ‘हादसा’

IPL 2026: पहले की आजादी की बात, फिर 6 साल बाद 0 पर आउट, रहाणे के साथ बड़ा ‘हादसा’

Ainkya Rahane: अजिंक्य रहाणे ने जब गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस जीता तो वो खुलकर आजादी से खेलने की बात कर रहे थे लेकिन जब बात आई खेलने की तो पहली ही गेंद पर उनका खेल खत्म हो गया. गुजरात टाइटंस के खिलाफ अजिंक्य रहाणे ने जो कहा, उसका बिल्कुल उलट किया. रहाणे ने कहा कि वो टॉस जीतकर पहले बैटिंग करना चाहेंगे क्योंकि वो चाहते हैं कि बल्लेबाज खुलकर खेलें लेकिन रहाणे तो पहली ही गेंद पर आउट हो गए. मोहम्मद सिराज की गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन मिड ऑन पर रबाडा ने बेहतरीन कैच लपक लिया.

पहली गेंद पर फंस गए रहाणे

अजिंक्य रहाणे ने सिराज के खिलाफ ज्यादा ही खुलकर खेलने की कोशिश की. उन्होंने अपनी पहली गेंद पर बड़ा श़ॉट मारना चाहा लेकिन गेंद हवा में खड़ी हो गई और रबाडा ने बड़ी आसानी से कैच पकड़ लिया. रहाणे आईपीएल में 2020 के बाद पहली बार 0 पर आउट हुए. वो पचास पारियों के बाद डक पर निपटे हैं.

रहाणे को सिराज से दिक्कत

बता दें अजिंक्य रहाणे को सिराज के सामने हमेशा दिक्कत होती है. ये खिलाड़ी रहाणे को 38 गेंद फेंक चुका है और उन्होंने महज 24 रन ही दिए हैं. सोचिए टी20 में रहाणे का सिराज के खिलाफ स्ट्राइक रेट 63.1 है. वो सिराज की 47 फीसदी से ज्यादा गेंद डॉट खेलते हैं. सिराज ने इस खिलाड़ी को दूसरी बार आउट किया है.

रहाणे ने आउट होने से पहले क्या कहा था?

अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. उन्होंने कहा, ‘हम चाहते हैं कि हमारे बल्लेबाज खुलकर आजादी के साथ खेलें. इस टूर्नामेंट में हमने सबकुछ ट्राई कर लिया है. हमने टार्गेट चेज करने की कोशिश की, बैटिंग भी पहले की. अब हम चाहते हैं कि बल्लेबाजों को पूरी आजादी दें. मुझे लगता है कि पहले बल्लेबाजी करना अच्छा विकल्प है.’ रहाणे का ये फैसला केकेआर को भारी पड़ा. पहली गेंद पर रहाणे आउट हो गए और फिर अंगकृष रघुवंशी भी दूसरे ओवर में रबाडा को विकेट दे बैठे.

खतरे में रहाणे की जगह

अजिंक्य रहाणे की फॉर्म तो खराब चल ही रही है. साथ ही उनकी कप्तानी पर भी सवालिया निशान खड़ा हो गया है. रहाणे की कप्तानी में केकेआर सभी मैच हारी है और वो अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है. रहाणे के साथ कुछ सही नहीं हो रहा है और अब उन्हें टीम से बाहर करने की बात हो रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com