SRH vs CSK: अभिषेक ने ठोके लगातार 7 चौके-छक्के, कर दी सूर्यवंशी की बराबरी, फिर ले डूबी सैमसन की समझदारी


आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग का जलवा बरकरार है. उन्होंने पहले ही कुछ विस्फोटक पारियां खेलकर तहलका मचा दिया है. इस सीजन में उनकी जैसी ताबड़तोड़ बैटिंग की बराबरी करना बल्लेबाजों के लिए मुश्किल साबित हुआ है. मगर अभिषेक शर्मा ने जरूर ये कर दिखाया है. वैभव से पहले पिछले 2 सीजन में अपनी विध्वंसक बैटिंग से गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर वाहवाही लूटने वाले अभिषेक ने आईपीएल 2026 में सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जमाकर युवा बल्लेबाज की बराबरी कर डाली.
अभिषेक के बल्ले से ऐसा कोहराम देखने को मिला सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के मुकाबले में. हैदराबाद के मैदान में पहले बैटिंग कर रही सनराइजर्स के लिए अभिषेक ने आते ही बल्ला भांजना शुरू कर दिया. पावरप्ले के अंदर चेन्नई का कोई भी गेंदबाज अभिषेक की मार से नहीं बच पाया. इस दौरान अभिषेक ने लगातार 7 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्के जमाकर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. उनका ये अर्धशतक पावरप्ले के 5वें ओवर के अंत में ही आ गया.
अभिषेक ने चौथे ओवर की आखिरी 2 गेंदों पर लगातार 2 चौके लगाए. फिर 5वें ओवर में दूसरी गेंद पर बैटिंग के लिए आते ही इस बल्लेबाज ने फिर बाउंड्री बरसा दीं. उन्होंने मैथ्यू शॉर्ट के खिलाफ लगातार 3 चौके और फिर 3 छक्के ठोकते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. ये आईपीएल 2026 में सबसे तेज अर्धशतक है. उन्होंने इस मामले में राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव की बराबरी की, जो पहले इस सीजन में दो बार 15-15 गेंदों में फिफ्टी ठोक चुके हैं.









