BAN vs NZ: 10 छक्के, 11 चौके…बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 मैच में रौंदा

BAN vs NZ: 10 छक्के, 11 चौके…बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 मैच में रौंदा

BAN vs NZ, 1st T20I: बांग्लादेश की टीम का न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में दबदबा बरकरार है. वनडे सीरीज अपने नाम करने के बाद बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 में भी हरा दिया. चटोग्राम में खेले गए पहले टी20 मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 182 रन बनाए, जवाब में बांग्लादेश ने ये लक्ष्य 12 गेंद पहले ही हासिल कर लिया. बांग्लादेश ने 6 विकेट से ये मैच जीता और चेज़ करते हुए उसके बल्लेबाजों ने कमाल का आक्रामक खेल दिखाया. बांग्लादेश की ओर से 10 छक्के और 11 चौके लगे.

बांग्लादेश को किसने जिताया?

बांग्लादेश को मैच जिताने में अहम रोल तौहिद हृदॉय का रहा, जिन्होंने 27 गेंदों में नाबाद 51 रनों की पारी खेली. इस खिलाड़ी ने अपनी पारी में 3 छक्के और 2 चौके लगाए. परवेज हुसैन इमॉन ने 14 गेंदों में 28 रन बनाए और शमीम हुसैन ने 13 गेंदों में 31 रनों की पारी खेली. गेंदबाजी में रिशाद हुसैन ने अपनी लेग स्पिन का कमाल दिखाते हुए 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. मेहदी हसन, तंजिम साकिब और शोरिफुल इस्लाम ने 1-1 विकेट झटका.

तौहिद हृदॉय को उनकी बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया. बांग्लादेश की जीत के बाद कप्तान लिट्टन दास ने टीम की बैटिंग को जीत का श्रेय दिया. उन्होंने तौहिद की तारीफ की.लिट्टन ने कहा कि चटोग्राम के मैदान पर 183 रनों का लक्ष्य बड़ा था क्योंकि यहां पिच पर ज्यादा बाउंस नहीं है. जिस तरह से एमॉन, तौहिद और शमीम ने बैटिंग की वो कमाल है. हालांकि लिट्टन दास ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले वक्त में अच्छी पिच मिलेगी.

क्लार्क- क्लीवर के अर्धशतक गए बेकार

न्यूजीलैंड की ओर से ओपनर कीटेन क्लार्क और डेन क्लीवर ने शानदार पारियां खेली. दोनों ने 51-51 रन बनाए. उनके अलावा कप्तान निक कैली ने 27 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली. जॉश क्लार्कसन ने आखिरी के ओवरों में 14 गेंदों में ताबड़तोड़ 27 रन बनाकर टीम का स्कोर 182 तक पहुंचाया लेकिन उनकी ये पारी अंत में बेकार साबित हुई. बांग्लादेश की टीम अब सीरीज में 1-0 से आगे है. अब दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच चटगांव में ही 29 अप्रैल को होगा. तीसरा टी20 ढाका में 2 मई को खेला जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com