IPL 2026: 5 गेंदों पर 5 चौके लगे, फिर कागिसो रबाडा ने ऐसे लिया विराट कोहली से बदला

IPL 2026: 5 गेंदों पर 5 चौके लगे, फिर कागिसो रबाडा ने ऐसे लिया विराट कोहली से बदला

Virat Kohli vs Kagiso Rabada: आईपीएल 2026 में धुआंधार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ धुआंधार शुरुआत की. इस खिलाड़ी ने कागिसो रबाडा के पहले ही ओवर में लगातार पांच चौके लगा दिए. इस खिलाड़ी ने रबाडा की तेज रफ्तार गेंदों को अपने ही अंदाज में बाउंड्री पार पहुंचाया. रबाडा की गेंदों पर विराट ने बाउंसर पर चौका मारा और उसके बाद उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर कमाल के ड्राइव्स खेले. लेकिन रबाडा ने इसके बाद विराट कोहली से पूरा हिसाब बराबर कर लिया.

विराट का वार, रबाडा का पलटवार

कागिसो रबाडा ने विराट कोहली को चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर आउट किया. रबाडा ने पहले ओवर में 21 रन दिए थे लेकिन इसके बावजूद शुभमन गिल ने उन्हें अटैक पर लगाया. कप्तान के विश्वास पर रबाडा खरे उतरे और उन्होंने जबरदस्त बाउंसर पर विराट कोहली को राशिद खान के हाथों कैच आउट करा दिया. विराट कोहली 13 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गए.

रबाडा ने पांचवीं बार किया विराट का शिकार

बता दें कागिसो रबाडा और विराट कोहली के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलती है. दाएं हाथ का ये तेज गेंदबाज विराट कोहली को टी20 में पांच बार आउट कर चुका है. रबाडा के खिलाफ विराट कोहली ने 79 गेंदों में 111 रन बनाए हैं. उनका औसत 22.2 ही है. रबाडा के ये आंकड़े गुजरात की टीम को पता थे. इसलिए उन्होंने इस गेंदबाज का इस्तेमाल विराट कोहली के खिलाफ किया और अंत में उन्हें कामयाबी भी मिली.

विराट आउट हुए लेकिन हासिल किया ये मुकाम

विराट कोहली गुजरात के खिलाफ 28 रन बनाकर आउट जरूर हो गए लेकिन उन्होंने वो कमाल कर दिखाया जो आरसीबी के किसी बल्लेबाज ने 10 साल बाद किया है. विराट कोहली आरसीबी के तीसरे बल्लेबाज हैं जिसने एक ओवर में पांच या उससे ज्यादा चौके लगाए हैं. विराट कोहली से पहले साल 2016 में वॉटसन ने राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के खिलाफ ये कमाल किया था. साल 2013 में क्रिस गेल ने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ ये कमाल किया था.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close