IPL 2026: उम्र 36 साल, फिर भी भुवनेश्वर कुमार हैं बवाल, 3 विकेट लेकर बने नंबर 1


आईपीएल 2026 के 42वें मैच में गुजरात टाइटंस ने आरसीबी को 4 विकेट से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 155 रन बनाए और गुजरात ने ये लक्ष्य 15.5 ओवर में हासिल कर लिया. गुजरात की टीम ने मैच तो आसानी से जीता लेकिन इस टीम को भुवनेश्वर कुमार ने काफी ज्यादा तंग किया. भुवी ने गुजरात के खिलाफ 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके. इस खिलाड़ी ने अपनी बेहतरीन स्विंग गेंदबाजी से साई सुदर्शन, शुभमन गिल का विकेट झटका. यही नहीं वो जॉस बटलर का भी विकेट ले गए. इन 3 विकेटों के साथ ही वो पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे पहुंच गए.
भुवनेश्वर कुमार नंबर 1
भुवनेश्वर कुमार पर्पल कैप की रेस में नंबर 1 रैंक पर पहुंच गए. इस खिलाड़ी के मौजूदा आईपीएल में 9 मैचों में 17 विकेट हो गए हैं. इस सीजन भुवी का इकॉनमी रेट सिर्फ 7.54 का है. बता दें दूसरे नंबर पर इशान मलिंगा 15 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं. आर्चर 14 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं. भुवनेश्वर ने इस मैच में टी20 क्रिकेट में अपने 350 विकेट भी पूरे कर लिए. वो पहले भारतीय पेसर हैं जिसने टी20 में 350 विकेट पूरे किए हैं. वैसे युजवेंद्र चहल भी टी20 में 350 विकेट ले चुके हैं.
You miss, I hit!
#BhuvneshwarKumar has dismissed #JosButtler for the 9th time in 20 T20 innings!
#TATAIPL 2026
#GTvRCB | LIVE NOW
https://t.co/K8vuSzrZ1d pic.twitter.com/QnL7Vybkp7
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 30, 2026
आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन
भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में शुरुआती 4 मैचों में 4 ही विकेट लिए थे. उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ एक और चेन्नई के खिलाफ 3 विकेट चटकाए थे. लेकिन इसके बाद राजस्थान और मुंबई के खिलाफ उन्हें कोई सफलता नहीं मिली. लेकिन इसके बाद लखनऊ और दिल्ली के खिलाफ उन्होंने 3-3 विकेट निकाले. गुजरात के खिलाफ उन्होंने एक विकेट लिया और फिर दिल्ली के खिलाफ उन्होंने 5 रन पर 3 विकेट निकाले. आज फिर गुजरात के खिलाफ भुवी ने 3 विकेट झटके. भुवनेश्वर इस सीजन पांच मैचों में 3 विकेट ले चुके हैं. साफ है आरसीबी के इस सीजन अच्छे प्रदर्शन की वजह भुवनेश्वर कुमार हैं. बता दें अब आरसीबी की टीम 6 दिन तक मैच खेलती नजर नहीं आएगी. अब इस टीम का अगला मैच 7 मई को लखनऊ के खिलाफ है. ये मुकाबला अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में होगा.














