‘लव यू डार्लिंग’… साक्षी या बेटी जीवा ने नहीं, एमएस धोनी को इस शख्स ने खुलेआम बोला ऐसा- VIDEO


एमएस धोनी को आईपीएल 2026 में खेलते देखने के लिए फैंस को लंबा इंतजार करना पड़ गया है और ये अभी भी खत्म होता नहीं दिख रहा है. मगर फिर भी उनके लिए फैंस का प्यार बरकरार है. धोनी की एक झलक दिखते ही हर किसी की दीवानगी सामने आ जाती है और इसका इजहार करने से भी चूकते नहीं हैं. खास बात ये है कि इसमें सिर्फ उनके फैन ही नहीं हैं, बल्कि उनके साथ खेल चुके क्रिकेटर भी हैं. मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ऐसे ही एक स्टार हैं, जिनका एक खास वीडियो खूब पसंद किया जा रहा है.
शनिवार 2 मई को IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की टक्कर होनी है. ये मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. इस सीजन में संघर्ष कर रही IPL की इन दोनों सबसे सफल टीमों ने मैच से पहले जमकर अभ्यास किया और खुद को मुकाबले के लिए तैयार किया. मगर इन सबके बीच सितारों का मेल-मिलाप भी देखने को मिला, जिसके वीडियो और फोटो सामने आते ही छा गए.
पंड्या ने धोनी को कहा- Love You
इनमें से ही दो अलग-अलग वीडियो हार्दिक और धोनी के भी हैं, जो फैंस को पसंद आ रहे हैं. एक वीडियो में तो प्रैक्टिस सेशन के लिए पहुंचते ही धोनी और पंड्या गले मिलते हुए दिख रहे हैं. मगर ज्यादा पॉपुलर हो रहा वो वीडियो जिसमें धोनी नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे हैं और पीछे से हार्दिक उन्हें देख रहे हैं. इसी वीडियो में दिख रहा है कि जैसे ही धोनी ने एक शॉट जमाया, हार्दिक पंड्या बोल पड़े, “माही भाई, लव यू डार्लिंग! बाय-बाय.” ये कहते ही पंड्या वहां से चले गए.
How cute is this!
#WhistlePodu #CSKvMI pic.twitter.com/GVaejL0Z5S
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) May 1, 2026
CSK vs MI मैच को लेकर उत्सुकता
जहां तक मैच की बात करें तो इसे लेकर दोनों टीम के फैंस में उत्सुकता है. इसकी एक बड़ी वजह आपसी टक्कर का इतिहास है. वहीं दूसरी वजह इस सीजन में अब तक का प्रदर्शन और पिछले मैच का नतीजा है. IPL 2026 में चेन्नई-मुंबई का ये दूसरा मैच है. पहला मैच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में पिछले हफ्ते ही खेला गया था, जिसमें चेन्नई ने 103 रन के रिकॉर्ड अंतर से मुंबई को हरा दिया था. उस मैच में मुंबई सिर्फ 104 रन पर ढेर हो गई थी. ऐसे में MI इस मैच में बदला लेना चाहेगी. हालांकि इस मुकाबले में भी धोनी के खेलने की संभावना नहीं है.












