IPL 2026: जिसने कोहली-रोहित को खूब किया परेशान, वैभव सूर्यवंशी से डर गया वो गेंदबाज

IPL 2026: जिसने कोहली-रोहित को खूब किया परेशान, वैभव सूर्यवंशी से डर गया वो गेंदबाज

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गेंदबाजों को अक्सर मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. फिर चाहे वो गेंदबाज इंटरनेशनल क्रिकेट में कितना भी सफल क्यों न हो. इस लीग में या फिर कहें टी20 फॉर्मेट में गेंदबाजों की राह हमेशा ही चुनौतियों भरी रहती है. इसके बावजूद शायद ही कोई गेंदबाज किसी बल्लेबाज से डरता होगा. किसी को डर भी लगा होगा तो शायद ही वो इसे स्वीकार करे लेकिन IPL के 15 साल के सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी ने एक गेंदबाज के जहन में ये खौफ भर ही दिया.

सिर्फ एक साल के अंदर भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से गेंदबाजों की जिंदगी और मुश्किल बना दी है. सिर्फ अंडर-19 क्रिकेट ही नहीं, बल्कि आईपीएल में भी उनके बल्ले की मार से गेंदबाज नहीं बच पाए हैं. वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे खूंखार गेंदबाज भी सूर्यवंशी के सामने पानी भरते नजर आए हैं. मगर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमीसन ने उनके इस अवतार को जल्दी रोकने में सफलता हासिल की है.

IPL 2026 में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले में ये नजारा दिखा, जब लंबे कद के पेसर जेमीसन ने दूसरी गेंद पर ही वैभव को बोल्ड कर दिया था. मैच के बाद जेमीसन से इसको लेकर सवाल होना स्वाभाविक था और उन्होंने ये कहकर सबको चौंका दिया कि वो वैभव से डरे हुए थे. जेमीसन ने कहा, “मुझे नहीं लगता अपनी जिंदगी में मुझे पहले कभी किसी 15 साल के बच्चे से इतना डर लगा है. मगर हमने मैच से पहले इसके (वैभव के खिलाफ) लिए योजना तैयार की थी और ये देखकर अच्छा लगा कि वो सफल रही.”

आपको बता दें कि 6 फुट 8 इंच लंबे जेमीसन वही तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को खूब परेशान किया है. जेमीसन ने अपने छोटे से करियर में विराट को टेस्ट में 3 बार, शुभमन गिल को 2 बार और रोहित शर्मा को 1 बार आउट किया है. वहीं वनडे में उन्होंने रोहित और गिल को 2-2 बार निपटाया है, जबकि 1 बार विराट भी उनका शिकार बने हैं.

मजेदार बात ये है कि जसप्रीत बुमराह, जॉश हेजलवुड, ट्रेंट बोल्ट, भुवनेश्वर कुमार, पैट कमिंस जैसे दिग्गज गेंदबाजों की पहली गेंद पर बाउंड्री जड़ने वाले सूर्यवंशी ने जेमीसन के खिलाफ भी यही किया. इस मैच के दूसरे ओवर में गेंदबाजी करते हुए जेमीसन की पहली बॉल पर सूर्यवंशी ने चौका जमाया. मगर बाकी गेंदबाजों से अलग जेमीसन ने अगली गेंद पर वैभव को बोल्ड कर दिया. इसके बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया, जो अलग ही विवाद की वजह बन गया और इस पर BCCI की ओर से उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close