CSK vs MI: डेब्यू के लिए 8 मैच तक इंतजार, 10 गेंदों में सूर्यकुमार यादव का शिकार, हैरतअंगेज कैच भी लपका

CSK vs MI: डेब्यू के लिए 8 मैच तक इंतजार, 10 गेंदों में सूर्यकुमार यादव का शिकार, हैरतअंगेज कैच भी लपका

IPL 2026 सीजन में कई खिलाड़ियों का डेब्यू हो रहा है. कुछ ऐसे हैं जिनके IPL करियर का खाता सीजन की शुरुआत में ही खुल गया था. वहीं कुछ को अभी भी मौका नहीं मिला है तो कई ऐसे भी हैं, जिनका इंतजार खत्म होता जा रहा है. चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के मुकाबले में ऐसा ही इंतजार खत्म हुआ तेज गेंदबाज रामकृष्ण घोष का, जिन्होंने अपन असर छोड़ने में ज्यादा वक्त भी नहीं लगाया. चेन्नई के इस पेसर ने अपना पहला ही शिकार सूर्यकुमार यादव को बनाया.

एमए चिदंबरम स्टेडियम में IPL 2026 के 44वें मैच में लंबे कद के पेसर रामकृष्ण घोष ने अपना डेब्यू किया. इस मैच में चेन्नई पहले बॉलिंग कर रही थी, इसलिए घोष को अपनी गेंदबाजी के लिए ज्यादा इंतजार करना भी नहीं पड़ा. पारी के 8 ओवर पूरे होने के बाद उन्हें 9वें में पहली बार गेंदबाजी का मौका मिला. उनकी शुरुआत भी दमदार रही और अपने पहले ओवर में घोष ने चौके समेत 7 ही रन दिए.

सूर्यकुमार को बनाया पहला शिकार

पहले ओवर में अच्छी बॉलिंग के चलते कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने उन्हें अगला ओवर भी तुरंत दिया और रामकृष्ण घोष ने निराश नहीं किया. इस सीजन में चेन्नई के पिछले 8 मुकाबलों में उन्हें मौका नहीं मिला था लेकिन 9वें मैच में उनकी किस्मत खुली और फिर अपनी 10वीं गेंद पर पहला विकेट भी ले लिया.

अपने दूसरे ओवर (पारी का 11वां) की शुरुआती 2 गेंदों पर उन्होंने चौके खाए लेकिन चौथी गेंद पर सूर्यकुमार यादव उनका शिकार बन गए. मुंबई के स्टार सूर्या ने कट शॉट खेला लेकिन डीप बैकवर्ड पॉइंट पर तैनात डेवाल्ड ब्रेविस ने एक आसान कैच लपक लिया. सूर्या ने 12 गेंदों में 21 रन बनाए.

विकेट से पहले लपका बेहतरीन कैच

इसके साथ ही घोष ने IPL में अपने विकेट का खाता भी खोला. मगर बॉलिंग में कमाल से पहले ही वो अपनी फील्डिंग से प्रभावित कर चुके थे. पारी के दूसरे ओवर में ही घोष ने विल जैक्स का बेहतरीन कैच लपका. संयोग से ये कैच भी डीप बैकवर्ड पॉइंट पर ही आया था, जहां घोष ने दौड़ते हुए आगे की ओर डाइव लगाई और जमीन से कुछ ही सेंटीमीटर पहले ये कैच लपककर टीम को पहला विकेट दिलाया.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close