SRH vs KKR: पैट कमिंस के करियर का सबसे महंगा ओवर, 15 साल और 174 मैच में हुई सबसे बुरी पिटाई

SRH vs KKR: पैट कमिंस के करियर का सबसे महंगा ओवर, 15 साल और 174 मैच में हुई सबसे बुरी पिटाई

Pat Cummins Bowling: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने टेस्ट और वनडे क्रिकेट में घातक गेंदबाजी से कई बल्लेबाजों को शिकार बनाया है और अपनी टीम को जिताया है. टी20 क्रिकेट में उनकी कभी-कभार खूब पिटाई भी हो जाती है. मगर अपने 15 साल लंबे टी20 करियर में कमिंस को कभी एक ओवर में ऐसी मार नहीं पड़ी, जैसी कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पड़ी. इस मैच में कोलकाता के ओपनर फिन ऐलन ने कमिंस के ओवर में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 4 छक्के-चौके कूट दिए.

हैदराबाद में खेले गए IPL 2026 के इस 45वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स 166 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी. इस मैच के लिए कोलकाता ने अपनी प्लेइंग-11 में बदलाव करते हुए ओपनर फिन ऐलन को फिर से मौका दिया था. इसका फायदा हुआ भी और ऐलन ने टीम को छोटे रनचेज में तूफानी शुरुआत दिलाई. मगर उनका सबसे विस्फोटक रूप देखने को मिला चौथे ओवर में, जब सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस बॉलिंग करने आए.

कमिंस के करियर का सबसे महंगा ओवर

अपने पहले ओवर में तो कमिंस ने सिर्फ 6 रन दिए लेकिन दूसरे ओवर में उनकी धुनाई हो गई. इस ओवर की शुरुआत वाइड से हुई, जो चौके के लिए चली गई. इस तरह 5 रन मिल गए. इसके बाद ऐलन ने छक्का जमाया, फिर 2 रन लिए और तीसरी गेंद पर दोबारा छक्का उड़ा दिया. इसके बाद अगली 2 गेंदों पर ऐलन ने लगातार चौके जमा दिए. इस तरह पैट कमिंस के ओवर से कुल 27 रन KKR ने लूट लिए.

ये पैट कमिंस के 15 साल लंबे और 174 मैच के टी20 करियर का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ.हालांकि, सनराइजर्स के कप्तान ने इसके बाद वापसी की और आखिरी गेंद पर ऐलन का विकेट लेकर थोड़ा हिसाब बराबर किया. इसके कमिंस ने कुल मिलाकर अपने 4 ओवर के स्पैल में 47 रन दिए और 1 विकेट लिया.

कोलकाता ने तोड़ा SRH की जीत का सिलसिला

ये मैच कमिंस और उनकी पूरी टीम के लिए अच्छा नहीं रहा. अपने होम ग्राउंड पर खेलने के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद पहले बैटिंग करते हुए सिर्फ 165 रन पर ढेर हो गई थी. अच्छी शुरुआत के बाद टीम ने सिर्फ 60 रन पर 9 विकेट गंवा दिए. इस सीजन में पहली बार सनराइजर्स ऑल आउट हुई. इसके बाद कोलकाता ने 3 विकेट खोकर ही 18.2 ओवर में ये लक्ष्य हासिल कर लिया. इस तरह लगातार 5 जीत के बाद सनराइजर्स को हार का सामना करना पड़ा. वहीं कोलकाता ने लगातार तीसरा मैच जीता.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close