भिलाई के युवक से दोस्ती के नाम पर बड़ी ठगी… एम्स में नौकरी का झांसा देकर लाखों डकारने वाला जालसाज लखनऊ से गिरफ्तार

आरोपी ने ज्वाइनिंग लेटर दिलाने के एवज में मोटी रकम की मांग की थी। भरोसे के चलते मुकेश ने सितंबर 2021 से दिसंबर 2022 के बीच अपने एसबीआई खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 14,50,000 रुपये अभिषेक को सौंप दिए

दुर्ग /छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस को धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायपुर एम्स (AIIMS) में स्टाफ नर्स की सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर 14.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को दुर्ग पुलिस ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से धर दबोचा है। यह पूरी कार्रवाई साइबर सेल और वैशाली नगर थाना पुलिस के संयुक्त प्रयासों से अंजाम दी गई है।

ठगी की यह कहानी दोस्ती और भरोसे के टूटने की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वृंदा नगर कैंप-1, भिलाई निवासी मुकेश कोसरे ने इस साल 13 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके कॉलेज के पुराने मित्र अभिषेक जयसवाल ने उनके साथ विश्वासघात किया है।

आरोपी अभिषेक ने खुद को बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली व्यक्तियों का करीबी बताते हुए दावा किया था कि वह रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स के पद पर सीधे नियुक्ति करवा सकता है। सरकारी नौकरी के झांसे में आकर मुकेश उसके जाल में फंस गए।

आरोपी ने ज्वाइनिंग लेटर दिलाने के एवज में मोटी रकम की मांग की थी। भरोसे के चलते मुकेश ने सितंबर 2021 से दिसंबर 2022 के बीच अपने एसबीआई खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 14,50,000 रुपये अभिषेक को सौंप दिए। रकम मिलने के बाद आरोपी लगातार ज्वाइनिंग लेटर देने के नाम पर बहानेबाजी करता रहा और जब दबाव बढ़ा, तो वह अपना घर छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

फरार आरोपी को पकड़ने के लिए साइबर सेल भिलाई ने तकनीकी विश्लेषण का सहारा लिया। आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच के दौरान उसकी लोकेशन उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मिली। इसके बाद दुर्ग पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर तत्काल लखनऊ रवाना की गई। वहां पुलिस ने घेराबंदी कर अभिषेक जयसवाल को गिरफ्तार किया और उसे ट्रांजिट रिमांड पर भिलाई लाया गया।

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने स्वीकार किया कि उसने नौकरी लगवाने का झूठा आश्वासन देकर अपने ही दोस्त से लाखों रुपये ऐंठे थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

आरोपी का नाम

1. अभिषेक जयसवाल, उम्र 31 वर्ष, निवासी सेक्टर-6 सड़क-12, मकान नंबर 05, बीएसपी स्कूल के पास, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।

जब्त सामग्री

1. प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एवं तकनीकी साक्ष्य।

इस कार्रवाई में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम एवं साइबर सेल भिलाई की सराहनीय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील… नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के राशि प्रदान न करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com