NEET Paper Leak- एनटीए से जुड़े लोक सेवक की भूमिका की जांच कर रही है सीबीआई

एजेंसी ने 14 मई को गिरफ्तार की गई आरोपी मनीषा संजय वाघमारे और उसके अगले दिन गिरफ्तार किए गए रसायन विज्ञान के व्याख्याता पी.वी. कुलकर्णी की हिरासत मांगते हुए अपना मामला प्रस्तुत किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि वाघमारे ने अन्य आरोपी व्यक्ति और “एनटीए से जुड़े लोक सेवक के साथ मिलकर” 27 अप्रैल को प्रश्न पत्र और उत्तर प्राप्त किए थे

NEET Paper Leak/दिल्ली/ नीट-स्नातक परीक्षा के पेपर लीक मामले में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) से जुड़े एक सरकारी कर्मचारी की कथित भूमिका केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच के दायरे में आ गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एजेंसी ने 14 मई को गिरफ्तार की गई आरोपी मनीषा संजय वाघमारे और उसके अगले दिन गिरफ्तार किए गए रसायन विज्ञान के व्याख्याता पी.वी. कुलकर्णी की हिरासत मांगते हुए अपना मामला प्रस्तुत किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि वाघमारे ने अन्य आरोपी व्यक्ति और “एनटीए से जुड़े लोक सेवक के साथ मिलकर” 27 अप्रैल को प्रश्न पत्र और उत्तर प्राप्त किए थे।NEET Paper Leak

एजेंसी का आरोप है कि वाघमारे, जीव विज्ञान की व्याख्याता मनीषा मंधारे के माध्यम से कुलकर्णी को जानते थे। मनीषा मंधारे को सीबीआई ने शनिवार को गिरफ्तार किया।एजेंसी का आरोप है कि वाघमारे ने कथित तौर पर कुलकर्णी से प्रश्न एकत्र किए और उन्हें अहिल्यानगर से गिरफ्तार किए गए एक अन्य आरोपी धनंजय लोखंडे और अन्य आरोपियों को मौद्रिक लाभ के बदले में उपलब्ध कराया।

लोखंडे पर प्रश्नों को वितरित करने का आरोप है।उन्होंने बताया कि रसायन विज्ञान के हस्तलिखित प्रश्न, जिन्हें कुलकर्णी ने उम्मीदवारों के साथ साझा किया था, नष्ट कर दिए गए हैं।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस मांग का समर्थन किया जिसमें उन्होंने नीट के प्रश्न पत्र लीक विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करने को कहा था।

राहुल गांधी ने मांग की थी कि मोदी को प्रधान को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए या खुद जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के गठजोड़’ ने भारत की शिक्षा प्रणाली को बर्बाद कर दिया है।

सिद्धरमैया ने कहा, ‘कर्नाटक के एक लाख से अधिक छात्रों सहित 22 लाख से अधिक छात्रों ने चिकित्सा शिक्षा में उचित अवसर मिलने की उम्मीद में नीट दिया था।’

NEET Paper Leak/उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि नरेन्द्र मोदी सरकार निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा कराने में विफल रही, जिसकी वजह से अभ्यर्थियों को अनिश्चितता की स्थिति में धकेल दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने स्पष्ट मांग रखी है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करो।’

कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नीट प्रश्न पत्र ‘लीक’ के आरोपियों और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच संबंध होने का आरोप लगाते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

NEET Paper Leak/एक बयान में, डोटासरा ने दावा किया कि नीट प्रश्न पत्र लीक मामले में आरोपी दिनेश और मांगीलाल बिंवाल के केवल पांच बच्चों का ही चयन नहीं हुआ बल्कि जमवारामगढ़ से भाजपा विधायक महेंद्र पाल के भतीजे का भी चयन हुआ है।

गिरफ्तारी के बाद एक आरोपी द्वारा ‘बड़े लोगों’ की संलिप्तता संबंधी दावा किये जाने का जिक्र करते हुए, डोटासरा ने कहा कि हालिया खुलासे गंभीर सवाल खड़े करते हैं, ऐसे में कांग्रेस गहरी जांच की मांग करती है।

उन्होंने एक बयान में कहा,‘‘इस खुलासे के बाद नीट प्रश्न पत्र लीक की हर कड़ी की निष्पक्ष और गहराई से जांच बेहद जरूरी है, ताकि देश के लाखों युवाओं के सपनों का सौदा करने वाले नेटवर्क और भाजपा नेताओं का असली चेहरा जनता के सामने आ सके।’’

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) का प्रश्न पत्र लीक होने एवं परीक्षा निरस्त किए जाने को लेकर शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि प्रधान को शिक्षा मंत्री बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है, वह अपने पद से इस्तीफा दें या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें बर्खास्त कर दें।

गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी ने 2024 में संसद में प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ पुरजोर आवाज उठाई थी एवं इसे रोकने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने के लिए कहा, परन्तु मोदी सरकार पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने एक बयान में कहा,‘‘ 2024, 2025 एवं 2026… तीन बार लगातार जिस प्रकार पर प्रश्नपत्र लीक हुए हैं उससे लोगों में इतना आक्रोश है जिसकी कल्पना न तो राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार कर पा रही है, न (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी कर पा रहे हैं और न ही (गृह मंत्री) अमित शाह कर पा रहे हैं।’’

गहलोत ने आरोप लगाया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ऐसे नाकाबिल लोगों को सब जगह बैठाया है जिनमें प्रशासनिक क्षमता नहीं है फलस्वरूप लगातार तीन बार पेपर लीक हुए हैं।

उन्होंने कहा,‘‘आज उस कारण से आत्महत्या की खबरें आने लगी हैं। पर इनमें कोई संवेदनशीलता नहीं है।’’NEET Paper Leak

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com