20-12 लाख किलोलीटर की टंकियां भी नहीं बुझा पा रहीं प्यास, बंजारी माता वार्ड में फूटा लोगों का गुस्सा

Raipur में नगर निगम जोन-1 कमिश्नरी के अंतर्गत आने वाले बंजारी माता वार्ड में पिछले एक साल से पेयजल संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। हालत यह है कि 20 और 12 लाख किलोलीटर क्षमता की दो बड़ी पानी टंकियां होने के बावजूद कई मोहल्लों में नियमित जलापूर्ति ठप हो गई है। इसका असर अब पास के यतियतन लाल वार्ड तक पहुंचने लगा है।
बंधवा तालाब पारा और विजय नगर में नहीं पहुंच रहा नल का पानी
रेलवे फाटक के पास स्थित बंधवा तालाब पारा और विजय नगर इलाके में निगम की सप्लाई लाइन से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को टैंकरों के सहारे रहना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार निगम जोन कमिश्नरी और मुख्यालय में शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
कई मोहल्ले पूरी तरह बने ड्राईजोन
पूर्व एमआईसी मेंबर और पार्षद नागभूषण राव ने बताया कि बंजारी माता वार्ड के रामेश्वरनगर, बुनियाद नगर, कमलचौक और केबिन पारा जैसे इलाके पूरी तरह ड्राईजोन बन चुके हैं। यहां घर-घर नल कनेक्शन होने के बावजूद लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में यह पूरा क्षेत्र टैंकर मुक्त हो चुका था, लेकिन पिछले एक साल में फिर से टैंकर माफिया सक्रिय हो गया है और नागरिक मजबूरी में पानी खरीदने को विवश हैं।
आधी क्षमता तक भी नहीं भर रहीं टंकियां
पार्षद राव के अनुसार वार्ड की दोनों पानी टंकियों का जलभराव स्तर सामान्यतः 7 मीटर तक रहता है, लेकिन पिछले 15 दिनों से केवल 4.8 मीटर तक ही पानी भर पा रहा है। इसी वजह से नियमित जलापूर्ति प्रभावित हो रही है और लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
जलबोर्ड समिति पर उठे सवाल
नागभूषण राव ने महापौर मीनल चौबे द्वारा गठित जलबोर्ड समिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि टंकियां पूरी तरह नहीं भर पा रही हैं तो जलबोर्ड के अधिकारी इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहे। उन्होंने पूछा कि क्या जलबोर्ड केवल नाम का रह गया है या अधिकारियों को काम करने का अधिकार नहीं दिया गया है।











