नौतपा में बदला मौसम का मिजाज, 27 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की शुरुआत हो चुकी है। अंबिकापुर और सूरजपुर समेत उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। मौसम विभाग ने रायपुर सहित 27 जिलों में बारिश, तेज आंधी, वज्रपात और मेघगर्जन को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

24 घंटे बाद तापमान में गिरावट के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया, हालांकि एक-दो क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर का असर बना रहा। विभाग का कहना है कि आज से प्रदेशभर में मौसम सक्रिय रहेगा और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। इसके चलते अगले 24 घंटों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

रायपुर समेत 27 जिलों में यलो अलर्ट

प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया सहित अन्य जिले शामिल हैं।

रायपुरवासियों को मिलेगी गर्मी से राहत

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम सुहावना रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com