खसरा त्रुटि सुधार के नाम पर रिश्वतखोरी, ACB ने लिपिक को रंगे हाथ पकड़ा

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग अंतर्गत छाल तहसीलदार कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते एक लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसान से खसरा के बी-1 में त्रुटि सुधार करने के एवज में 60 हजार रुपए की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

किसान से मांगी गई थी 60 हजार की रिश्वत

जानकारी के मुताबिक ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान भानुप्रताप पटेल ने एसीबी से शिकायत की थी कि खसरा रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार कराने के लिए उससे 60 हजार रुपए की मांग की जा रही है। शिकायत के बाद एसीबी टीम ने मामले का सत्यापन किया और कार्रवाई की तैयारी शुरू की।

एसीबी ने बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़ा आरोपी

एसीबी की टीम शिकायतकर्ता के साथ छाल तहसील कार्यालय पहुंची। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुलाराम पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शिक्षक पद पर पदस्थ है और तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मौके से जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com