बस्तर में समय से पहले पहुंच सकता है मानसून, मौसम विभाग ने जताई संभावना

जगदलपुर। भीषण गर्मी और उमस से परेशान बस्तरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस वर्ष मानसून बस्तर में सामान्य तिथि से पहले दस्तक दे सकता है। हालांकि इसकी अंतिम स्थिति मानसूनी हवाओं की गति और सक्रियता पर निर्भर करेगी।
सामान्य तिथि से पहले हो सकती है एंट्री
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 13 जून मानी जाती है। पिछले 15 से 20 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मानसून अधिकांश वर्षों में इसी अवधि के आसपास पहुंचा है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार केरल में मानसून की समय से पहले एंट्री होने का असर बस्तर क्षेत्र में भी देखने को मिल सकता है।
मानसूनी हवाओं की ताकत तय करेगी रफ्तार
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने की गति पूरी तरह हवाओं की मजबूती पर निर्भर करती है। यदि मानसूनी हवाएं सक्रिय और मजबूत बनी रहती हैं तो मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए बस्तर में निर्धारित समय से पहले पहुंच सकता है। वहीं हवाओं के कमजोर पड़ने पर इसकी रफ्तार धीमी हो सकती है।
किसानों और आम लोगों की बढ़ी उम्मीदें
संभावित समयपूर्व मानसून की खबर से किसानों में उत्साह का माहौल है। खेती-किसानी की तैयारियों में जुटे किसान अब बारिश का इंतजार कर रहे हैं। वहीं आम लोगों को भी भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।











