बिलासपुर में पूर्व महापौर और बेटे पर मारपीट का आरोप, कॉलोनी विवाद में बिल्डर घायल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कॉलोनी के रास्ते को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कांग्रेस के पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय और उनके बेटे राहुल पाण्डेय पर एक अधेड़ बिल्डर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में बिल्डर अमित शर्मा घायल हो गए। मामले का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कॉलोनी के रास्ते को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, रविवार को कॉलोनी की सोसाइटी की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कॉलोनी के मुख्य गेट के पास खराब रास्ते की साफ-सफाई और मरम्मत को लेकर चर्चा हुई। रहवासियों ने बारिश से पहले रास्ते को व्यवस्थित करने का निर्णय लिया।बैठक के बाद कॉलोनीवासी मौके पर पहुंचे, जहां पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय और उनके बेटे राहुल पाण्डेय भी बाहर आ गए। आरोप है कि दोनों ने रास्ते पर काम कराने का विरोध किया और अपने-अपने रास्ते के इस्तेमाल की बात कही।
समझाइश के दौरान बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलोनी के लोग हाथ जोड़कर अपनी समस्या समझाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि राहुल पाण्डेय ने बिल्डर अमित शर्मा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ गया।बताया जा रहा है कि रास्ते पर काम रुकवाने के लिए विरोध प्रदर्शन भी किया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई।
जमीन पर गिराकर मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता अमित शर्मा ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान उनका पैर खींचकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया। इसके बाद राजेश पाण्डेय और राहुल पाण्डेय ने मिलकर उनके साथ मारपीट की।पीड़ित के मुताबिक, पत्थर से उनके सिर और दाहिने कंधे पर हमला किया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस दौरान उनका चश्मा भी टूट गया।
जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
अमित शर्मा ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में डर और नाराजगी का माहौल है।
CCTV वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय और उनके बेटे राहुल पाण्डेय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।









