रायगढ़ के लोईंग स्थित ग्रामीण बैंक में लगी आग, घंटों मशक्कत के बाद बुझी

रायगढ़। जिले के लोईंग स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा में रविवार रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बैंक परिसर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बैंक प्रबंधन को दी। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 2 से 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

धुआं उठता देख मकान मालिक ने दी सूचना

जानकारी के मुताबिक बैंक जिस भवन में संचालित हो रहा है, उसके ऊपरी हिस्से में मकान मालिक मनोज प्रधान का परिवार और अन्य किरायेदार रहते हैं। रविवार रात बैंक परिसर से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए परिजनों ने तुरंत बैंक प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।

फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद बुझाई आग

सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार ने पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते आग ने बैंक के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुट गए। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर करीब 2-3 घंटे बाद आग पर नियंत्रण पाया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, नुकसान का आकलन जारी

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग से बैंक का फर्नीचर, दस्तावेज और अन्य सामग्री प्रभावित हुई है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com