सीतापुर विवाद पर सरकार-तहसीलदार संघ आमने-सामने, राजस्व मंत्री बोले- जल्द निकलेगा समाधान

रायपुर। सरगुजा के सीतापुर में नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद प्रदेशभर में चल रहे तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के आंदोलन को लेकर सरकार सक्रिय हो गई है। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के सरकारी निवास पर कनिष्ठ प्रशासनिक संघ और राजस्व विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी भी मौजूद रहीं।
सचिव स्तर पर जारी है बातचीत
बैठक के दौरान तहसीलदार संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों और आपत्तियों को सरकार के समक्ष रखा। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने भरोसा दिलाया कि सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।मंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग की सचिव संघ के प्रतिनिधियों से लगातार चर्चा कर रही हैं और सकारात्मक परिणाम सामने आने की उम्मीद है।
सीतापुर घटना के बाद प्रदेशभर में हड़ताल
गौरतलब है कि सरगुजा जिले के सीतापुर में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों द्वारा नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार आक्रोशित हो गए।राजस्व अधिकारियों ने मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर अधिकारियों ने अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल और सामूहिक अवकाश शुरू कर दिया है, जिससे राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
विधायक पर कार्रवाई की मांग
सूत्रों के अनुसार, तहसीलदार संघ सीतापुर मामले में संबंधित विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है। इसी मुद्दे को लेकर संघ के प्रतिनिधि लगातार सरकार और विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं।हालांकि राजस्व मंत्री ने कहा कि उनकी संघ से सीधे बातचीत नहीं हुई है, लेकिन सचिव स्तर पर संवाद जारी है और जल्द ही समाधान निकलने की संभावना है।
रमन सिंह के वायरल वीडियो पर भी बोले मंत्री
बेमेतरा के सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा अधिकारियों को फटकार लगाने के वायरल वीडियो पर भी मंत्री टंक राम वर्मा ने प्रतिक्रिया दी।उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह अनुभवी और सुलझे हुए नेता हैं तथा परिस्थितियों को समझते हुए ही अपनी बात रखते हैं। अतिथियों की गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाएं होनी चाहिए थीं और उन्होंने परिस्थितियों के अनुरूप ही अपनी प्रतिक्रिया दी है।
योजनाओं में बाधा डालने वालों पर सख्ती के संकेत
राजस्व मंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न होने पर हालात तनावपूर्ण हो जाते हैं। ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्ती बरतना या कार्रवाई करना उचित माना जा सकता है।उन्होंने कहा कि विकास और जनहित की योजनाओं के सुचारू संचालन में किसी प्रकार का अवरोध नहीं आना चाहिए।









