IPL फाइनल पर करोड़ों का सट्टा! रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹32 लाख कैश के साथ 2 सटोरी गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए IPL फाइनल मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन और 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में कुछ लोग IPL फाइनल में GT Vs RCB मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर थाना और चौकी खरसिया की संयुक्त टीमों का गठन कर एक साथ अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, सिंडिकेट का खुलासा

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे स्थानीय लोगों से नगद राशि लेकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलवा रहे थे। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर पूरे सट्टा सिंडिकेट का संचालन कर रहे थे।

मोबाइल फोन से मिले अहम सबूत

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन जब्त किया है। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से संबंधित आईडी, लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।

व्यवसाय में खपाई जाती थी सट्टे की रकम

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह का सदस्य साहिल अग्रवाल सट्टे से प्राप्त रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में लाभ कमाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

कैश और नोट गिनने की मशीन छोड़कर भागा आरोपी

आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम जब एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी पहुंची, तब मुख्य आरोपी साहिल अग्रवाल दो बैग और नोट गिनने की मशीन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बैगों की तलाशी लेने पर उनमें से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद हुए।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com