खेत में करंट बिछाकर किया जंगली सूअर का शिकार, मांस पकाते 4 आरोपी गिरफ्तार

खैरागढ़। जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगली सूअर के शिकार के मामले का खुलासा किया है। आरोप है कि एक किसान ने अपने खेत में बिजली का करंट बिछाकर जंगली सूअर का शिकार किया और बाद में उसका मांस गांव में पकाया जा रहा था। वन विभाग ने मौके पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

वन विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम खुड़मुड़ी में वन्यजीव का शिकार किया गया है। सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने तलाशी वारंट लेकर गांव में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक घर में मांस पकाया जा रहा था, जिस पर टीम को संदेह हुआ।

पूछताछ में हुआ शिकार का खुलासा

वन विभाग की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पकाया जा रहा मांस जंगली सूअर का था। जांच में यह भी सामने आया कि गांव के पेखन वर्मा ने अपने निजी खेत में बिजली का कनेक्शन लगाकर जंगली सूअर का शिकार किया था। शिकार के बाद उसका मांस गांव में लाकर पकाया जा रहा था।

मांस और हथियार समेत कई सामान जब्त

कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने जंगली सूअर का मांस, एक बसूला, दो कुल्हाड़ियां, एक हंसिया और तीन कड़ाहियां जब्त की हैं। जब्त सामग्री को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है।

चार आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

मामले में पेखन वर्मा, बुजलाल कंवर, सेवनदास और मेन कुमार को आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में उपजेल सलोनी भेज दिया गया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com