खरोरा ज्वेलर्स लूटकांड को एक महीना: 500 लोगों से पूछताछ के बाद भी पुलिस के हाथ खाली, CCTV फुटेज वायरल

खरोरा, 03 जून 2026। रायपुर जिले के खरोरा क्षेत्र में महावीर ज्वेलर्स से जुड़े एक बड़े लूटकांड का मामला सामने आया है। 5 मई की शाम दुकान के मुंशी टीकाराम शर्मा पर हमला कर बदमाश 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, टीकाराम शर्मा नरदहा स्थित दुकान से खरोरा लौट रहे थे। इसी दौरान तिल्दाडीह पंप के पास घात लगाए बदमाशों ने उनके सिर पर हमला कर दिया और जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए। लूटे गए सामान में लगभग 12 से 13 किलो चांदी, 400 से 450 ग्राम सोना और करीब 4 लाख रुपये नकद शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना के एक महीने बाद भी आरोपियों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक और जेवरात का डिब्बा बरामद किया है। मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच और खरोरा थाना पुलिस अब तक 500 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
घटना से जुड़े CCTV फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि वारदात पूरी योजना के साथ अंजाम दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है और संभावित भागने के सभी रास्तों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चिंता का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











