बिलासपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सुशासन शिविर में करेंगे जनता से सीधा संवाद

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुशासन तिहार के तहत बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब 4 बजे हेलीकॉप्टर से बिलासपुर पहुंचेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दौरे के दौरान वे आम जनता से संवाद करने के साथ-साथ विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।

ईशिका पार्क में सुशासन शिविर, जनता से करेंगे संवाद

मुख्यमंत्री हेमूनगर स्थित बंधवा तालाब के पास ईशिका पार्क में आयोजित सुशासन शिविर में शामिल होंगे। यहां वे आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुनेंगे। साथ ही विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

एजुकेशन हब निर्माण कार्य का करेंगे निरीक्षण

सुशासन शिविर के बाद मुख्यमंत्री दयालबंद मधुबन पहुंचकर प्रस्तावित एजुकेशन हब निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे परियोजना की प्रगति और तैयारियों की जानकारी लेंगे तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

पांच जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कलेक्टोरेट के मंथन सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी लेंगे। बैठक में बिलासपुर समेत पांच जिलों के अधिकारियों के साथ सुशासन तिहार के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।

जनहित योजनाओं की जमीनी हकीकत पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री साय बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का फीडबैक लेंगे। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम लोगों तक लाभ पहुंचाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी देंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा सुशासन तिहार के उद्देश्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com