मुंगेली: लाइफ लाइन अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग का औचक निरीक्षण, खामियों पर नोटिस जारी

मुंगेली। जिला मुख्यालय स्थित लाइफ लाइन अस्पताल का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शीला साहा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल संचालन से जुड़ी कई खामियां सामने आने पर अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर प्रशासन की नजर

कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता तथा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लाइफ लाइन अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मरीजों और परिजनों से ली गई सीधी जानकारी

निरीक्षण के दौरान टीम ने आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत की। मरीजों से उपचार, सुविधाओं और अस्पताल प्रबंधन के व्यवहार संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। विभागीय अधिकारियों ने मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर अस्पताल की सेवाओं का मूल्यांकन भी किया।

जांच में मिलीं कई खामियां

निरीक्षण के दौरान आयुष्मान भारत योजना से संबंधित सूचना पट्टों की कमी, निर्धारित बेडों का उचित चिन्हांकन नहीं होना, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों में खामियां तथा अस्पताल संचालन के विभिन्न मानकों के पालन में कमी पाई गई। इसके अलावा योजना के नियमों के पालन को लेकर भी आवश्यक सुधार के निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिए गए।

नियमों से समझौता बर्दाश्त नहीं : CMHO

CMHO डॉ. शीला साहा ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण और पूरी तरह निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के नियमों का उल्लंघन या मरीजों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com