उपचुनाव नतीजों से गदगद भाजपा, मंत्री श्याम बिहारी ने जनता और कार्यकर्ताओं का जताया आभार

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय उपचुनाव के नतीजे सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। शुरुआती रुझानों और घोषित परिणामों में भाजपा की बढ़त से पार्टी खेमे में उत्साह का माहौल है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जीत का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार की कार्यशैली और जनता के विश्वास को दिया है।

CM साय के नेतृत्व पर जनता ने जताया भरोसा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम किया है। यही कारण है कि नगरीय निकायों से लेकर ग्राम पंचायत और जिला पंचायत चुनावों तक भाजपा को ऐतिहासिक सफलता मिल रही है।उन्होंने कहा कि उपचुनाव के रुझान और नतीजे स्पष्ट रूप से भाजपा के पक्ष में हैं, जो यह दर्शाते हैं कि प्रदेश की जनता सरकार के कार्यों से संतुष्ट है और भाजपा पर अपना भरोसा लगातार जता रही है।

कांग्रेस के आरोपों पर मंत्री का करारा जवाब

उपचुनाव में भाजपा की जीत को कांग्रेस द्वारा “पैसों की जीत” बताए जाने पर मंत्री जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे जनता का समर्थन बताती है, लेकिन जब भाजपा जीतती है तो उसे पैसों का प्रभाव कहने लगती है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में हार का सामना कर रही है। चुनाव से पहले बड़ी-बड़ी बातें करने वाली कांग्रेस परिणाम आने के बाद अपनी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने लगती है।

2028 के चुनावों को लेकर भाजपा उत्साहित

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा अब और अधिक सक्रिय नजर आ रही है। मंत्री जायसवाल ने कहा कि प्रदेश के उत्तर से लेकर पूर्वी क्षेत्रों तक हुए विभिन्न उपचुनावों के परिणाम यह संकेत दे रहे हैं कि छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा के साथ खड़ी है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उपचुनावों के नतीजे भाजपा के लिए सकारात्मक संदेश लेकर आए हैं और पार्टी भविष्य के चुनावों में भी इसी जनसमर्थन को बनाए रखने के लिए काम करती रहेगी।

जनता का मूड भाजपा के पक्ष में

मंत्री जायसवाल ने दावा किया कि हाल के सभी चुनावी परिणाम यह साबित कर रहे हैं कि प्रदेश में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जनता विकास, सुशासन और जनहितकारी योजनाओं के आधार पर भाजपा को समर्थन दे रही है, जिसका असर चुनावी नतीजों में साफ दिखाई दे रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com