जनता ने भाजपा पर जताया भरोसा, सहसपुर लोहारा उपचुनाव में सरिता मिश्रा की ऐतिहासिक जीत

कवर्धा। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से पराजित कर भाजपा का परचम लहरा दिया। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई और क्षेत्रभर में जीत का जश्न मनाया गया।
शुरुआत से बनाए रखी बढ़त
मतगणना के दौरान सरिता संतोष मिश्रा ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। हर राउंड में उन्हें मतदाताओं का भरपूर समर्थन मिलता रहा और अंततः उन्होंने निर्णायक जीत हासिल की। चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया कि सहसपुर लोहारा की जनता ने भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जताया है।
इतने वोटों से मिली जीत
घोषित परिणामों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा को कुल 1949 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस समर्थित माने जा रहे रोशन वैष्णव को 1187 वोट मिले और वे दूसरे स्थान पर रहे। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी अजय यादव को 1018 मत प्राप्त हुए।अन्य प्रत्याशियों में डाकेश्वर श्रीवास को 25, महादेव कुम्भकार को 17 तथा गुलशन कुमार गंधर्व को 10 मत मिले। इसके अलावा 31 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।
बड़े अंतर से विरोधियों को दी मात
सरिता संतोष मिश्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रोशन वैष्णव को 762 मतों से पराजित किया। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी अजय यादव को 931 वोटों के बड़े अंतर से हराया। इस जीत को भाजपा नेताओं ने जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत बताया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया विजय उत्सव
परिणाम सामने आते ही सहसपुर लोहारा सहित कवर्धा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयाँ बांटी, आतिशबाजी की और एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। पार्टी पदाधिकारियों ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने भाजपा के विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है और यह जीत क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी।











