FIFA World Cup 2026: इटली समेत 5 बड़ी टीमें टूर्नामेंट से बाहर, फैंस को लगा बड़ा झटका

FIFA World Cup 2026 का आगाज़ 12 जून से होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट इतिहास का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप होगा, जिसमें रिकॉर्ड 48 टीमें हिस्सा लेंगी। अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा संयुक्त रूप से इसकी मेजबानी कर रहे हैं। हालांकि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही कई बड़ी टीमों के बाहर होने से फुटबॉल जगत में चर्चा तेज हो गई है।
4 बार की चैंपियन इटली नहीं खेल पाएगी वर्ल्ड कप
फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे सफल टीमों में शामिल इटली इस बार भी टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होगी। 1934, 1938, 1982 और 2006 में विश्व कप जीतने वाली इटली लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने में नाकाम रही है।मौजूदा FIFA रैंकिंग में 12वें स्थान पर मौजूद इटली को क्वालिफिकेशन दौर में बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ पेनाल्टी शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उसका वर्ल्ड कप खेलने का सपना टूट गया।
डेनमार्क को भी पेनाल्टी शूटआउट ने किया बाहर
इटली की तरह डेनमार्क की टीम को भी पेनाल्टी शूटआउट में मिली हार भारी पड़ गई। FIFA रैंकिंग में 20वें स्थान पर मौजूद डेनमार्क को पिछले विश्व कप में डार्क हॉर्स माना जा रहा था, लेकिन इस बार टीम क्वालिफिकेशन की बाधा पार नहीं कर सकी।
नाइजीरिया लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप से बाहर
अफ्रीका की मजबूत टीमों में गिनी जाने वाली नाइजीरिया भी FIFA World Cup 2026 में नहीं दिखेगी। FIFA रैंकिंग में 26वें स्थान पर मौजूद नाइजीरिया लगातार दूसरी बार विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने में असफल रही है।पिछले संस्करण की तरह इस बार भी टीम क्वालिफिकेशन में पिछड़ गई, जबकि उसकी जगह डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कॉन्गो (DR Congo) ने वर्ल्ड कप का टिकट हासिल कर लिया।
पोलैंड और यूक्रेन का भी टूटा सपना
इटली, डेनमार्क और नाइजीरिया के अलावा पोलैंड और यूक्रेन भी उन प्रमुख टीमों में शामिल हैं जो FIFA World Cup 2026 में नजर नहीं आएंगी। दोनों टीमों ने क्वालिफिकेशन अभियान में संघर्ष किया, लेकिन अंतिम दौर में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकीं।
तीन देशों में होगा ऐतिहासिक आयोजन
FIFA World Cup 2026 पहली बार तीन देशों—अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा—में आयोजित किया जा रहा है। साथ ही पहली बार 48 टीमें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।
फुटबॉल फैंस को रहेगा इटली की कमी का अहसास
इटली जैसे चार बार के विश्व चैंपियन का लगातार तीसरे वर्ल्ड कप से बाहर रहना फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि 2026 में कौन सी टीम विश्व फुटबॉल की नई बादशाह बनेगी।











